Showing posts with label Sikar. Show all posts
Showing posts with label Sikar. Show all posts

Monday, 14 July 2025

गोचर भूमि पर अवैध कब्जे का विरोध:ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर आंदोलन की चेतावनी दी, आवंटन रद्द करने की मांग

सीकर जिले के त्रिलोकपुरा गांव में गोचर (चारागाह) भूमि पर अवैध आवंटन और कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने सोमवार को चारागाह बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और विरोध-प्रदर्शन किया। चारागाह भूमि पर किए गए अवैध आवंटन को रद्द करने की मांग की गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस भूमि पर निजी शिक्षण संस्थानों के लिए अवैधानिक रूप से आवंटन किया गया, जिसके खिलाफ हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन है। त्रिलोकपुरा गांव में खसरा नंबर 187 और खसरा नंबर 231 की चारागाह भूमि में से 4 हेक्टेयर और 6 हेक्टेयर का हिस्सा मामराज अग्रवाल फाउंडेशन, कोलकाता और अक्षपूर्णा मेडिकल प्रशिक्षण संस्थान, सीकर के नाम 30 वर्षीय लीज पर आवंटित किया गया। इस आवंटन के तहत सीनियर सेकेंडरी स्कूल, व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र, आईटीआई, नर्सिंग कॉलेज और डेंटल कॉलेज जैसे संस्थानों की स्थापना का दावा किया गया है।
कलेक्टर को ज्ञापन देने आए ग्रामीण।
ग्रामीणों का कहना है- यह आवंटन राजस्थान टेनेन्सी एक्ट का उल्लंघन है, जो चारागाह भूमि पर शिक्षण संस्थानों के लिए आवंटन को प्रतिबंधित करता है। साल 2019 में राजस्थान हाईकोर्ट ने इस अवैध आवंटन पर स्थगन आदेश जारी किया था। इसके बावजूद, 12 जुलाई 2025 को आवंटित भूमि पर जबरन पत्थर रोपने की कार्यवाही शुरू की गई जिसे ग्रामीणों में आक्रोश है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने अवैध कार्य करने वालों का साथ दिया। त्रिलोकपुरा में चारागाह भूमि के अभाव में पशुधन के लिए चारा और पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कोई दूसरी गोचर भूमि उपलब्ध नहीं है, जिससे पशुपालकों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। चारागाह बचाओ संघर्ष समिति ने इस मुद्दे को लेकर ग्राम पंचायत सुजावास के सहयोग से आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

मूल ऑनलाइन लेख-https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/news/protest-against-illegal-occupation-of-grazing-land-in-sikar-135445904.html



Wednesday, 1 January 2025

चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटवाने की मांग: जैतूसर सरपंच ने तहसीलदार को दिया ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी


रींगस थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जैतूसर की चारागाह भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने और कार्रवाई के लिए जैतूसर सरपंच रणजीत कुमावत ने बुधवार को तहसीलदार विवेक कटारिया को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद ज्ञापन की एक एक प्रतियां पुलिस अधीक्षक सीकर, उपखंड अधिकारी रींगस, ग्राम पंचायत खंडेला विकास अधिकारी, पुलिस थाना रींगस को भेजी गई है।

सरपंच रणजीत कुमावत ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत जैतूसर की चारागाह भूमि में भारतीय शिक्षण संस्थान रींगस के संचालक राधाकृष्ण रणवां ने 26 दिसंबर की रात को अतिक्रमण कर लिया है। चारागाह भूमि पर अतिक्रमण होने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। ऐसे में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कर किए गए अतिक्रमण को हटाकर चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाए। नहीं तो क्षेत्र के लोगों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना होगा।

तहसीलदार विवेक कटारिया ने बताया कि चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटवा दिया जाएगा। इसके लिए पटवारी को आदेश दिया गया है कि मौके पर पहुंचकर सीमा ज्ञान करवाएं। साथ ही चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दे। सीमा ज्ञान होने पर चारागाह में किया गया अतिक्रमण हटवा दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में सरपंच रणजीत कुमावत के साथ कमलेश कुमार, रामेश्वर लाल, हनुमान प्रसाद, रामेश्वर लाल सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद थे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/reengus/news/demand-to-remove-encroachment-from-pasture-land-134219937.html

Thursday, 26 December 2024

जिला कलेक्टर ने अतिक्रमण पर कार्रवाई करने को कहा

 

राजस्व अधिकारियों की बैठक में लंबित मामलों को जल्द निस्तारण करने के दिए निर्देश

सीकर, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलेक्टर शर्मा ने सभी अधिकारियों से राजस्व मामलों की प्रगति रिपोर्ट ली तथा संबंधित अधिकारियों को उनसे संबंधित राजस्व कार्यों को मिशन मोड पर लेकर उनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर शर्मा ने निर्देशित किया कि उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार बंटवारा एवं विभाजन करते समय रास्ते के प्रावधान का विशेष ध्यान रखें।

जिला कलेक्टर शर्मा ने जिले में खुले बोरवेल एवं ट्यूबवेल से होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्रॉप कटिंग की सही रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए ताकि कृषकों को पूरा मुआवजा मिल सके।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदारों को एवरेज फाईल डिस्पोजल कम करने, मुख्यमंत्री कार्यालय, लोकायुक्त, मानवाधिकार के प्रकरणों की रिपोर्ट समय पर भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने लेण्ड कनवर्जन के प्रकरणों का 45 दिवस में निस्तारण करने, रास्तों के विवाद, 183 बी, सीमाज्ञान, इजराय, चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने फतेहपुर उपखण्ड अधिकारी को मण्डावा बाईपास रोड़ की भूमि अवाप्ति मुआवजा वितरण,सभी उपखण्ड अधिकारियों को ब्लेक स्पोटस को चिन्हित कर तत्काल कार्यवाही करने, उपखण्ड स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठक लेने, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करने, जल जीवन मिशन से संबंधित 21 स्थानों पर भूमि आवंटन के लिए कार्यवाही करने के साथ ही अपने—अपने क्षेत्र में कृषि आदान बीज, उर्वरक,खाद की उचित आपूर्ति की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने कहा कि एलआर एक्ट के तहत विचाराधीन मामलों के निस्तारण के लिए प्रगति लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले में नामांतरण और रास्तों के मामले जो वर्षों से लंबित चल रहे हैं, उनकों आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाकर प्राथमिकता से निस्तारण करें और भू-रूपांतरण और आवंटन के लंबित आवेदनों का समयबद्धता के साथ निस्तारण करें। उन्होंने सार्वजनिक रास्तों के सीमांकन एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों में तहसीलवार लक्ष्य निर्धारित कर प्रकरणों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। इस दौरान समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी, कार्मिक उपस्थित रहे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://shekhawatilive.com/district-collector-asked-to-take-action-on-encroachment.html


Thursday, 19 December 2024

चारागाह जमीन से हटाया अतिक्रमण

सीकर | यूआईटी ने सख्त कार्रवाई कर दासा की ढाणी में चारागाह जमीन से अतिक्रमण हटाया। इसके साथ अतिक्रमियों को पाबंद किया गया है। अधिकारियों के अनुसार दासा की ढाणी में खातेदारों ने अवैध रूप से सीमा बढ़ाते हुए चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर लिया था। बुधवार को इन अतिक्रमियों को बेदखल किया गया।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/raj-sik-omc-mat-latest-sikar-news-064004-1200051-nor.html

Wednesday, 20 November 2024

सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया

ग्राम पंचायत चौकड़ी की चारागाह भूमि व राजकीय भूमि पर काफी समय से अतिक्रमण कर कच्चे व पक्के मकान बना लिए थे। रविवार को पुलिस जाब्ता व आरएसी की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। तहसीलदार ब्रजेश कुमार ने बताया कि नंदाराम मीणा, गीगाराम मीणा व मुकेश कुमार मीणा ने कच्चा व पक्का मकान बनाकर चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर रखा था। उसे हटाने के लिए उन्हें पूर्व में भी समय दिया गया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। मुख्यमंत्री जनसंवाद के दौरान उनकी शिकायतें हुई थी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने के लिए टीम मौके पर गई, लेकिन विरोध के कारण नहीं हटाया जा सका था। रविवार को आरएसी व पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। थानाधिकारी रामकिशोर, गिरदावर, पटवारी आदि उपस्थित रहे।

खंडेला. सरकारी भूमि से पक्का अतिक्रमण हटाती जेसीबी।

ग्राम पंचायत चौकड़ी की चारागाह भूमि व राजकीय भूमि पर काफी समय से अतिक्रमण कर कच्चे व पक्के मकान बना लिए थे। रविवार को पुलिस जाब्ता व आरएसी की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। तहसीलदार ब्रजेश कुमार ने बताया कि नंदाराम मीणा, गीगाराम मीणा व मुकेश कुमार मीणा ने कच्चा व पक्का मकान बनाकर चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर रखा था। उसे हटाने के लिए उन्हें पूर्व में भी समय दिया गया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। मुख्यमंत्री जनसंवाद के दौरान उनकी शिकायतें हुई थी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने के लिए टीम मौके पर गई, लेकिन विरोध के कारण नहीं हटाया जा सका था। रविवार को आरएसी व पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। थानाधिकारी रामकिशोर, गिरदावर, पटवारी आदि उपस्थित रहे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/latest-khandela-news-042503-1817519.html

Tuesday, 22 October 2024

गांवड़ी बांध क्षेत्र व चारागाह भूमि पर अवैध खनन: पंचायत व सदर पुलिस ने कार्रवाई कर बंद करवाया, लीजधारकों को किया पाबंद


नीमकाथाना के निकटवर्ती ग्राम गांवड़ी में स्थित बांध क्षेत्र व जगत सिंह नगर की चारागाह भूमि में अवैध खनन को लेकर ग्राम पंचायत व सदर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर मौके पर हो रहे कार्य को बंद करवाया। पुलिस ने कार्रवाई कर लीजधारकों को पाबंद किया।

ग्राम विकास अधिकारी सीताराम यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि भीतरली गांवड़ी में जगत सिंह नगर में ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि चारागाह भूमि पर खनन हो रहा है। मौके पर जांच के दौरान चारागाह भूमि पर अवैध खनन होना पाया गया। जिसका एमएल नंबर 30/06 है। जो 4.84 हेक्टेयर में स्वीकृत है। मौके पर अवैध खनन को बंद करवा दिया गया है। लीजधारक भूपेंद्र सिंह राठौड़ को पाबंद किया गया है।

ग्राम विकास अधिकारी यादव ने बताया कि ग्राम गांवड़ी बांध क्षेत्र में स्थित खनन पट्टा 33,34,35,54/03 है जिनके लीजधारक महेंद्र गोयल, नारायण गोयल, संजय गोयल व अन्य के खिलाफ विभाग द्वारा मामला दर्ज करवाया गया था। लेकिन फिर भी लीजधारकों अवैध खनन चालू कर रखा था। मौके पर सदर थाना अधिकारी कस्तूर वर्मा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। खनन कार्य को बंद करवाया। अग्रिम आदेशों तक खनिज खनन नहीं करने को लेकर पाबंद किया गया।

नामजद है मामला दर्ज

शिकायतकर्ता गोपाल सैनी की शिकायत पर प्रशासन ने सिंचाई विभाग, विकास अधिकारी, तहसीलदार, खान विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई थी। जिस पर ग्राम विकास अधिकारी की फर्द रिपोर्ट में जल संसाधन विभाग के नियम मुताबिक बांध की परिधि में अवैध खनन होना पाया गया था। रिपोर्ट के अनुसार सदर थाने में मालिकों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया गया।

अवैध खनन के साक्ष्य मिटाने के लिए मिट्टी से भराव करवाया

ग्राम विकास अधिकारी यादव ने बताया कि लीजधारकों ने बांध क्षेत्र में अवैध खनन के लिए रास्ता निकाला था। मामला दर्ज होने के बाद खदान वाले रास्ते का मिट्टी से भराव करवाया गया है। ग्राम सेवक ने प्रशासन से कई सौ मीटर तक खोदी गई खदानों के चारों तरफ तारबंदी करवाने को लेकर अपील की है। नियमानुसार बांध क्षेत्र परिधि के ढाई सौ मीटर अंदर खनन कार्य नहीं कर सकते।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/neem-ka-thana/news/panchayat-and-sadar-police-took-action-and-got-them-closed-lease-holders-were-banned-129777793.html

Thursday, 17 October 2024

जिला स्तरीय जनसुनवाई में आए 45 मामले: कलेक्टर ने अधिकारियों को अवैध अतिक्रमण हटाने का दिया आदेश


जिला स्तरीय जनसुनवाई में सीकर कलेक्टर ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 45 मामले आए जिसमें 6 को सतर्कता समिति में दर्ज किया गया । पिछली जनसुनवाई में 27 प्रकरणों में से 13 का मौके पर निस्तारण किया गया था।

जिला स्तरीय जनसुनवाई में लोगों ने अपनी समस्याओ से कलेक्टर डॉ. अमित यादव को रूबरू करवाया। पिछली जनसुनवाई में 27 प्रकरण प्राप्त हुए थे जिनमें 13 का निस्तारण किया गया था और 14 मामले पर कार्रवाई की जा रही है। आज कुल 45 प्रकरण सामने आए जिसमें सीमा ज्ञान, जमीन पट्टा, अवैध अतिक्रमण सहित कई मामले थे। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामलों को गंभीरता से लेकर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।

कलेक्टर अमित यादव ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सभी उपखंड अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के बाद सूचना को जल्द भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर भी दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। इस दौरान उदयपुरा दांतारामगढ़ के भींवाराम ने नाले में अवैध अतिक्रमण की समस्या रखी। भींवाराम तीन बार पहले भी जनसुनवाई में समस्या को बता चुके है। जिसके बाद कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई इसकी जानकारी ली। तहसीलदार ने पुलिस जाब्ता मुहैया नहीं होने का कारण बताया। कलेक्टर ने जल्द अवैध अतिक्रमण को हटाने के अधिकारियों के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में भूमि का सीमाज्ञान, पट्टा बनवाने, चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटवाने, लक्ष्मणगढ़ में खेल मैदान से 33 केवी की विद्युत लाईन हटवाने, गौचर भूमि पर पक्के मकानों का अतिक्रमण हटवाने व अवैध पेड़ कटाई व बिजली चोरी को रोकने के सहित विभिन्न मामले सामने आए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र मूंड, यूआईटी सचिव राजपाल यादव, उपखण्ड़ अधिकारी गरिमा लाटा,सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग राकेश लाटा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/news/the-collector-gave-instructions-to-the-officers-said-take-peoples-problems-seriously-130573796.html

Wednesday, 9 October 2024

चारागाह भूमि नियम विरुद्ध देने के मामले में शिकायत 7 वर्ष पहले

सीकर | धोद में मानोलाई तलाई में चारागाह भूमि को राजस्व रिकॉर्ड के पुराने रिकॉर्ड के अनुसार भूमि को कम कर नए रिकॉर्ड में चढ़ा दिया। इस प्रकार अधिकारियों ने चारागाह भूमि के 6.86 हैक्टेयर को नए रिकॉर्ड में 6.06 हैक्टेयर अंकित करके करीब सात बीघा 11 बिस्वा जमीन आसपास के काश्तकारों को विभिन्न समयावधि में पदस्थापित रहे तहसीलदार व हल्का पटवारी ने आवंटित कर दी। इस संबंध में प्रार्थी जीतूराम पुत्र अमरजीतसिंह फगेड़िया निवासी धोद ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक आलोक त्रिपाठी व सीकर कलेक्टर नरेश कुमार ठकराल को ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रार्थी ने ज्ञापन देकर मांग कि है कि 7 बीघा 11 बिस्वा जमीन की वर्तमान कीमत करीब दो करोड़ रुपए है। उक्त चारागाह की भूमि का आवंटन करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/news/raj-sik-omc-mat-latest-sikar-news-072502-982188-nor.html

Saturday, 31 August 2024

कलेक्टर ने भू-आवंटन मामले निबटाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए


सीकर : कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में चौधरी ने राजस्व मामलों की प्रगति रिपोर्ट को लेकर तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ न्यायालयों में जो लंबित मामले हैं, उनसे संबंधित अधिकारी मिशन मोड पर लेकर उनका निस्तारण करें। जिले में नामांतरण और रास्तों के वर्षों से लंबित चल रहे मामलों का आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाकर प्राथमिकता से निस्तारित करें और भू-रूपांतरण और आवंटन के लंबित आवेदनों को जल्द से जल्द निबटाएं।

सार्वजनिक रास्तों के सीमांकन व सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने, नक्शों में रास्तों व सड़कों की स्थिति दर्ज करने, खाता विभाजन और बंटवारे के प्रकरणों का प्रत्येक पटवार मंडल में निस्तारण करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर माह आरओ बैठक होनी चाहिए।

चारागाह भूमि अतिक्रमण के प्रकरणों का सर्वे कर रिपोर्ट दें : चारागाह भूमि अतिक्रमण के प्रकरणों में संबंधित तहसीलदार को कच्चे-पक्के घरों का सर्वे कर रिपोर्ट भिजवाने के निर्देश दिए। एडीएम रणजीत सिंह ने कहा कि प्रकरणों के निस्तारण में एक रूपता होनी चाहिए। इस दौरान एडीएम सिटी हेमराज परिडवाल, एसीएम मुनेश कुमारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://janmanasshekhawati.com/news/95545

Saturday, 17 August 2024

नीमकाथाना में कलेक्टर की पहली जनसुनवाई: 400 बीघा चारागाह भूमि अतिक्रमण का मामला उठा, अधिकारियों पर लगे आरोप


नीमकाथाना नव गठित जिला नीमकाथाना में पहली बार गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई एडीएम कार्यालय में आयोजित हुई। संबंधित विभागों के 51 परिवाद आए। जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज ने अधिकारियों को जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।

शिकायत कर्ता मनीराम यादव ने नीमकाथाना क्षेत्र में नदी, रास्ते व चारागाह भूमि को खुर्दबुर्द करने के मामले में जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज को शिकायत दी। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों पर मिलीभगत से नदी, रास्तों व चारागाह भूमि को खुर्दबुर्द कर अतिक्रमण करवाने के आरोप लगाए गए। मनीराम यादव ने कलेक्टर के सामने दस्तावेज भी पेश किए। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता ले लेते हुए एसडीएम राजवीर यादव व ईओ पवन शर्मा की कमेटी गठित कर परिवाद के परीक्षण के निर्देश दिए। शिकायत में मनीराम यादव ने कहा कि नगरीय क्षेत्र में करीब 400 बीघा भूमि को मिलीभगत से खुर्दबुर्द किया गया है ओर जल्द से जल्द दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।

यह रहे मौजूद

जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिला कलेक्टर भारद्वाज, एसडीएम राजवीर यादव, एएसपी शालिनी राज, तहसीलदार महेश ओला, पाटन तहसीलदार मुनेश सिर्वा, विकास अधिकारी संपत सैनी, विकास अधिकारी पाटन रामचंद्र सैनी, सीएमएचओ डॉ. राजेन्द्र यादव, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी जेपी यादव, एक्सईएन एवीएनएल आरएस यादव, एक्सईएन पीएचईडी रामकरण मीणा, एएमई अमीचंद दुहारिया, सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/neem-ka-thana/news/collectors-first-public-hearing-in-neemkathana-131702244.html

Thursday, 25 July 2024

चारागाह भूमि का रूपांतरण रोकने की मांग, ज्ञापन सौंपा


दांतारामगढ़ | दांतारामगढ़ तहसील के मेई गांव के लोगों ने शुक्रवार को चारागाह भूमि का रूपांतरण नहीं करने की मांग पर कलेक्टर के नाम एसडीएम व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि मेई ग्राम पंचायत के अमानीपुर में चारागाह भूमि है, उसे मेई सरपंच आबादी भूमि में रूपांतरण करना चाहता है। इसके लिए चारागाह भूमि खसरा नंबर 422 से पंचायत में प्रस्ताव लाकर 2 हैक्टेयर भूमि का रूपांतरण करना चाह रहे है। इसका ग्रामीण विरोध कर रहे है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच मूल रूप से अमानीपुर के है तथा चारागाह भूमि के पास ही सरपंच व परिवार के लोगों का निवास स्थल है। ग्रामीण इस भूमि को चारागाह में ही रखना चाहते है। ऐसे में उक्त चारागाह भूमि का आबादी में रूपांतरण नही किया जाए। मांग नही मानने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। लादूराम, नानूराम, मोहनलाल किरडोलिया, पुष्कर, गिरधारी, रमेश, सुंडा राम परसवाल आदि मौजूद रहे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/danta-ramgarh/news/demand-to-stop-conversion-of-pasture-land-memorandum-submitted-133384147.html

Wednesday, 17 July 2024

चारागाह भूमि से प्रशासन ने हटाए अवैध कब्जे, टिन शेड लगाकर कर रखा था अतिक्रमण


श्रीमाधोपुर। तहसीलदार जगदीश प्रसाद बैरवा के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा ग्राम टटेरा की चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। खसरा नंबर 631/2 रकबा 6.21 हैक्टेयर पर टिनशेड व कच्ची झोपड़ी लगाकर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से हटाकर चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर, कब्जा ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया गया।

गौरतलब है कि टटेरा सरपंच सविता गुर्जर द्वारा तहसीलदार श्रीमाधोपुर को अवगत कराया गया था कि विधानसभा चुनाव की आड़ में जमीलुद्दीन पुत्र निजामुद्दीन द्वारा गांव की चारागाह भूमि पर पाबंद किए जाने के बावजूद भी कब्जा कर लिया गया है।

इस पर न्यायालय उप तहसीलदार द्वारा अतिक्रमण को हटाने के आदेश जारी किए गए थे। इसकी पालना में श्रीमाधोपुर तहसीलदार, पटवारी हल्का टटेरा दीपक गुर्जर और भू अभिलेख निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा द्वारा मौके पर पहुंच कर अतिक्रमण हटाकर कब्जा ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया गया। अतिक्रमण हटने पर ग्रामीणों द्वारा प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.m.khaskhabar.com/news/news-administration-removed-illegal-encroachment-from-pasture-land-encroachment-was-done-by-putting-up-tin-shed-news-hindi-1-654164-KKN.html

Monday, 15 July 2024

टटेरा में चरागाह से हटवाया अतिक्रमण

अजीतगढ़ उपतहसील इलाके के ग्राम पंचायत टटेरा में चारागाह भूमि पर गत विधानसभा चुनावों की आड़ में हुए अतिक्रमण की शिकायत पर मंगलवार को श्रीमाधोपुर तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने जेसीबी से अतिक्रमण हटवाया। टटेरा सरपंच सविता गुर्जर द्वारा तहसीलदार श्रीमाधोपुर को अवगत कराया कि विधानसभा चुनावों की आड़ में जमीलुद्दीन पुत्र निजामुद्दीन द्वारा गांव की चारागाह भूमि पर पाबंद किए जाने के बावजूद भी कब्जा कर लिया गया है। इस पर न्यायालय उपतहसीलदार के निर्णय 27 मई 24 द्वारा अतिक्रमण को हटाने के आदेश जारी किए गए थे।

इसकी पालना में मंगलवार को तहसीलदार श्रीमाधोपुर, पटवारी हल्का टटेरा दीपक गुर्जर व भू अभिलेख निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा द्वारा मौके पर पहुंच कर राजस्व ग्राम टटेरा के चारागाह भूमि के खसरा नंबर 631/2 रकबा 6.21 हैक्टेयर पर टिनशेड व कच्ची झोपड़ी लगाकर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से हटाकर चरागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया तथा कब्जा पंचायत को सुपुर्द किया गया।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/ajitgarh/news/encroachment-removed-from-pasture-in-tatera-133331565.html

चारागाह भूमि पर अतिक्रमण, कार्रवाई की मांग

खंडेला के गुरारा ग्रामवासियों ने संभागीय आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

सीकर। चारागाह भूमि के मामले को लेकर खंडेला के गुरारा ग्राम वासियों ने संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामवासी पप्पू कुमार योगी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन के दौरान ग्रामीणों ने चारागाह भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोप था कि अतिक्रमियों पर कार्रवाई के लिए ग्रामीण पटवारी, तहसीलदार से लेकर जिला कलेक्टर तक कई बार गुहार लगा चुके हैं। लेकिन, प्रशासन फिर भी मौन है।

ज्ञापन के अनुसार आरोप है कि चारागाह भूमि पर भूमाफियाओं ने पत्थर डालकर बाड़ाबंदी कर अतिक्रमण कर लिया है। अतिक्रमियों द्वारा चारागाह भूमि में से भूखंड व पेड़-पौधे भी काटकर बेचे जा रहे हैं। विरोध करने पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने और जान से मारने की धमकी दी जाती है। जबकि भूमि पर कच्चे-पक्के मकानों का निर्माण भी हो चुका है। बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/news/encroachment-on-pasture-land-demand-for-action-133332350.html

पाटन में प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण: गोचर भूमि पर की कार्रवाई, कई सालों के कब्जे को हटाया


पाटन कस्बे में नीमकाथाना रोड पर तहसील ऑफिस के सामने गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया। पाटन तहसीलदार के नेतृत्व में गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की करवाई की गई। पाटन तहसीलदार मुनेश सर्वा ने बताया कि राजस्व ग्राम पाटन के खसरा नंबर 755/8 चारागाह भूमि पर चंपा देवी पत्नी बाबूलाल के द्वारा करीब 5 बीघा गोचर भूमि पर 25-30 साल से अतिक्रमण किया हुआ था। जिस पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से आज अतिक्रमण हटाया गया।

अतिक्रमण हटाने के दौरान अतिकर्मियों द्वारा मौके पर विवाद किया गया। जिनके साथ समझाइश कर अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान मौके पर नायब तहसीलदार भोम सिंह मीणा, भू अभि निरीक्षक सांवर शर्मा, पटवारी रघुवीर मीणा, नरेश यादव, टिंकू मीना, ओमप्रकाश मीणा, पवन रीडर जितेंद्र, दान सिंह, विकास राठी, नरेश जाट, रामचंद्र सहित तहसील का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/patan/news/administration-removed-encroachment-in-patan-133341679.html

Sunday, 7 July 2024

चरागाह भूमि से हटाए कब्जे

अजीतगढ़। ग्राम दिवराला में सोमवार को तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासन ने चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाया। श्रीमाधोपुर तहसीलदार जगदीश प्रसाद बैरवा के नेतृत्व में सोमवार को राजस्व टीम द्वारा राजस्व ग्राम दिवराला के चरागाह भूमि के खसरा 4012/2 रकबा 20.24 हैक्टेयर पर मूलजी तड़का नाम से संचालित अवैध नॉनवेज की होटल को जेसीबी की सहायता से हटाकर चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा कब्जा ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया गया।

राजस्व ग्राम दिवराला में स्थित राधा कृष्ण मंदिर के महंत किशन दास महाराज द्वारा तहसीलदार श्रीमाधोपुर को अवगत कराया कि न्यायालय उपतहसीलदार अजीतगढ़ के निर्णय में मूल सिंह पुत्र नरपत सिंह द्वारा चारागाह भूमि पर अवैध नॉनवेज होटल खोलकर किए गए अतिक्रमण को हटाने के आदेश जारी किए गए थे।

इसकी पालना आज तक नहीं हुई है, जिस पर तहसीलदार श्रीमाधोपुर द्वारा अतिक्रमी मूलसिंह पुत्र नरपत सिंह को नोटिस जारी कर तीन दिवस में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी, परंतु निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सोमवार को तहसीलदार जगदीश बैरवा व पटवारी हल्का दिवराला महेश शर्मा द्वारा मौके पर पहुंच कर अतिक्रमण हटाकर कब्जा ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया गया।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/ajitgarh/news/occupation-removed-from-grazing-land-133291195.html

Saturday, 6 July 2024

श्रीमाधोपुर में चारागाह भूमि से हटाया अतिक्रमण: दिवराला में संचालित हो रही थी नॉनवेज की दुकान, शिकायत के बाद हुई कार्रवाई


दिवराला गांव में चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर नॉनवेज की दुकान कई दिनों से संचालित हो रही थी। शिकायत पर श्रीमाधोपुर तहसीलदार जगदीश प्रसाद बैरवा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने आज सोमवार को नॉनवेज की दुकान को जेसीबी की मदद से हटाकर अतिक्रमण मुक्त कराया।

तहसीलदार बैरवा ने बताया कि श्रीमाधोपुर तहसील के राजस्व ग्राम दिवराला में चारागाह भूमि मूलजी तड़का नाम से संचालित अवैध नोनवेज की दुकान को जेसीबी की सहायता से हटाकर चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा कब्जा ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया गया।

राजस्व ग्राम दिवराला में स्थित राधा कृष्ण मंदिर के महंत किशन दास महाराज ने तहसीलदार श्रीमाधोपुर को शिकायत दी थी।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/shrimadhopur/news/encroachment-removed-from-pasture-land-in-shrimadhopur-133290525.html

Friday, 21 June 2024

दांतारामगढ़ उपखण्ड अधिकारी ने भू माफियाओं पर की त्वरित कार्रवाई

सीकर, उपखण्ड अधिकारी दांतारामगढ़ गोविंद सिंह भींचर ने बताया कि उपखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत रलावता के राजस्व ग्राम जीणमाता के आसपास पिछले कुछ समय से भू माफियाओं एवं अन्य लोगों द्वारा पत्थर डालकर, दीवार व निर्माण कर अतिक्रमण करने की कोशिश की गई थी। समस्त अतिक्रमण व निर्माण रात्रि के समय में चोरी—छुपे पिछले एक सप्ताह में किया जाना पाया गया, जिस पर जिला कलेक्टर कमर चौधरी के निर्देशों की पालना में उपखण्ड प्रशासन ने त्वरित व सक्रिय कार्रवाई करते हुए गुरूवार को उपखंड अधिकारी दांतारामगढ़ के नेतृत्व में तहसीलदार दांतारामगढ़ व वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समस्त वन विभाग एवं चारागाह भूमि पर किए गए अतिक्रमण को मौके से हटाया गया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा चारदीवारी व निर्माण कार्य कर कब्जा किया गया जिसे मौके पर ही तोड़ा गया तथा कुछ व्यक्तियों ने अवैध निर्माण करने की कोशिश की गई जिसे भी तोड़ा गया तथा एक व्यक्ति द्वारा मौके पर टांका बनाकर किए गए अतिक्रमण को मौके पर ही तोड़ा जाकर भरवाया गया। इस दौरान तहसीलदार दांतारामगढ़ महिपाल सिंह राजावत, थानाधिकारी जीणमाता लीलाधर, वन विभाग के रेंजर सुमेर सिंह के साथ राजस्व व वन विभाग के कर्मचारी, पुलिस जाब्ता उपस्थित रहा। उपखण्ड प्रशासन द्वारा सक्रिय रहकर की गई कार्रवाई से चारागाह एवं वन विभाग की भूमि पर होने वाले अतिक्रमण को समय से पहले ही बचा लिया गया।

मूल ऑनलाइन लेख - https://shekhawatilive.com/dantaramgarh-subdivision-officer-took-immediate-action-against-land-mafia.html

Wednesday, 8 May 2024

चारागाह भूमि से हटाया अतिक्रमण, पाबंद किया

छाजूवालाजोहड़ा स्थित चारागाह भूमि से मंगलवार को तहसीलदार सुमन चौधरी द्वारा अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया। सड़क के दोनों तरफ कुछ लोग टाल लगाकर चारा-कुट्टी बींट बेचने का व्यापार करते हैं। बींट की बदबू से परेशान आबादी क्षेत्र में बसे ग्रामीणों ने तहसीलदार को शिकायत की थी। तहसीलदार ने मौका रिपोर्ट करवाई। मंगलवार को तहसीलदार मय जाब्ता पहुंची और अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। जैसे ही तहसीलदार ने जेसीबी की लगाकर बींट चारा-कुट्टी को हटाना शुरू किया तो टाल मालिकों ने विरोध शुरू कर दिया, लेकिन तहसीलदार ने कार्रवाई जारी रखी। तहसीलदार के कड़े तेवर को देख अतिक्रमणकारियों ने स्वत: अतिक्रमण हटाने की अपील की। इस पर दो घंटे में हटाने और भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/news/raj-oth-mat-latest-shrimadhopur-news-070503-1628072-nor.html

Monday, 6 May 2024

चारागाह भूमि से हटाया अतिक्रमण: श्रीमाधोपुर के खुर्रमपुरा व डेरावाली में 162 बीघा जमीन पर कार्रवाई


श्रीमाधोपुर के गांव खुर्रमपुरा व डेरावाली में तहसीलदार जगदीश प्रसाद ने चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने की कारवाई की। मंगलवार को तहसीलदार मय पुलिस जाब्ता फूटाला ग्राम पंचायत के राजस्व गांव खुर्रमपुरा व ग्राम पंचायत नांगल भीम के राजस्व गांव डेरावाली पहुंचें।

तहसीलदार जगदीश प्रसाद ने बताया कि दोनों गांवों में लोगों ने चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर रखा था। पुलिस जाब्ते की सहायता से सात घंटे की अतिक्रमण हटाने की कारवाई के बाद डेरावाली से 92 बीघा तथा खुर्रमपुरा में 70 बीघा चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है। तहसीलदार जगदीश प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा राजस्थान उच्च न्यायालय व राज्य सरकार मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिक्रमण के खिलाफ़ शिकायत दर्ज करा रखी थी।

जिसके आदेश की पालना में पुलिस जाब्ते के साथ जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया तथा अतिक्रमियों को पाबंद किया गया है। इस दौरान लिसाडिया पटवारी विजेंद्र सिंह शेखावत, मूंडरू पटवारी जितेन्द्र मीणा, फूटाला पटवारी किशनलाल मीना, मऊ पटवारी संतोष सैनी, भू अभिलेख निरीक्षक मऊ महेश कुमावत व भू अभिलेख निरीक्षक मुंडरू ताराचंद सैनी की संयुक्त टीम द्वारा तहसीलदार जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में कच्चे पक्के अतिक्रमण को जेसीबी मशीन द्वारा हटाया गया।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/shrimadhopur/news/encroachment-removed-from-grazing-land-132985994.html