Showing posts with label Bewar. Show all posts
Showing posts with label Bewar. Show all posts

Tuesday, 28 October 2025

मैनपुरी में चारागाह भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई:उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पहल, नगला देवी में तहसील प्रशासन की कार्रवाई

 

मौके पर मौजूद पुलिस व लोग।

तहसील प्रशासन ने उपजिलाधिकारी संध्या शर्मा के निर्देश पर नगला देवी ग्राम पंचायत में चारागाह की 85 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई सोमवार देर शाम तक चली।

ग्राम पंचायत नगला देवी में गौशाला के पास कुल 150 बीघा भूमि भू-अभिलेखों में चारागाह के रूप में दर्ज है। इसमें से लगभग 115 बीघा जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा था। राजस्व विभाग द्वारा पहले भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद फिर से कब्जा कर लिया जाता था।

नायब तहसीलदार अजय कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम और भारी पुलिस बल ट्रैक्टरों के साथ नगला देवी गौशाला के पास पहुंचा। अतिक्रमणकारियों में इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।

भूलेख निरीक्षक रामप्रसाद सैनी ने लेखपाल राज कपूर वर्मा, अरविंद कुमार, कौशलेंद्र सिंह, सचिन कुमार और नवनीत मौर्य को खाता संख्या 01,111,093 की पैमाइश करने का निर्देश दिया। शाम 6 बजे तक चली नाप-जोख के बाद लगभग 85 बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अवैध कब्जेधारियों द्वारा बनाई गई मेड़ों को जुतवाकर भूमि को एक चक का रूप दिया गया।

अवैध कब्जाधारकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया, तो उनके खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर जुर्माना वसूला जाएगा। इस अभियान में मुख्य आरक्षी कीरतपाल सिंह के नेतृत्व में एक दर्जन पुलिसकर्मी शामिल थे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/mainpuri/bewar/news/grazing-land-in-mainpuri-was-freed-from-encroachment-136276663.html