Showing posts with label Bijoliya. Show all posts
Showing posts with label Bijoliya. Show all posts

Monday, 24 March 2025

चारागाह भूमि पर माइनिंग से ग्रामीणों में रोष:बेखबर जिम्मेदारों को शिकायत का इंतजार, बोले-जांच करवाएंगे

 

बिजौलिया में मकरेडी पंचायत के आंट गांव में अवैध खनन की समस्या गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि प्राकृतिक नदी और चारागाह भूमि पर माफिया लंबे समय से अवैध खनन कर रहे हैं, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है।

नदी का स्वरूप बिगड़ा, चारागाह खत्म होने से गौवंश पर संकट

अवैध खनन के कारण नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो गया है, जिससे जल स्रोतों पर संकट गहरा रहा है। चारागाह भूमि नष्ट होने से गौवंश के लिए चारे की समस्या उत्पन्न हो गई है। भू-माफिया की मनमानी से गांव में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों को मिल रही धमकियां, प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद

ग्रामीणों का आरोप है कि जब वे इस अवैध गतिविधि के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जाती है। इससे गांव में डर का माहौल बन गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि खनन माफिया पर लगाम लगाई जा सके।

प्रशासन का आश्वासन – जांच के बाद होगी कार्रवाई

माइनिंग विभाग के फोरमैन गिरिराज मीणा ने कहा कि अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

तहसीलदार बोले-शिकायत की जांच की जाएगी

तहसीलदार ललित डिडवानिया ने बताया कि कार्यालय में पिछले तीन दिनों की छुट्टियां थीं, लेकिन अब अवैध खनन की शिकायतों की जांच की जाएगी। यदि चारागाह क्षेत्र और नदी-नालों के पास अवैध खनन पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/bhilwara/bijoliya/news/villagers-angry-over-mining-on-pasture-land-134699441.html

Thursday, 20 March 2025

100 बीघा चारागाह भूमि पर अतिक्रमण:ग्रामीणों ने एसडीएम से की शिकायत, अतिक्रमण हटाने की मांग

 

बिजौलिया के लक्ष्मीखेड़ा गांव में पशुओं के लिए आरक्षित चारागाह भूमि पर दबंगों के कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

मंडोल डेम के पास स्थित करीब 100 बीघा चारागाह भूमि पर कुछ दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इस जमीन का खाता संख्या 287 और खसरा संख्या 527 है, जिसका रकबा 28.8298 हैक्टेयर है। यह भूमि राजस्व रिकॉर्ड में चारागाह के रूप में दर्ज है। दबंगों ने इस जमीन पर पत्थर की चारदीवारी बनाकर खेती शुरू कर दी है। उन्होंने करीब 90 प्रतिशत क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है और सिर्फ रास्ता ही छोड़ा है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे बरसों से इस जमीन का उपयोग पशुओं को चारा-पानी के लिए करते आ रहे हैं। गांव में चारागाह के लिए यही एकमात्र आरक्षित भूमि है। विरोध करने पर दबंग गाली-गलौच पर उतर आते हैं। इस कब्जे से पशुओं के लिए चारे की समस्या खड़ी हो गई है।

एसडीएम अजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने तहसीलदार को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/bhilwara/bijoliya/news/encroachment-on-100-bigha-grazing-land-134674922.html

Thursday, 6 February 2025

बिजौलिया में चारागाह भूमि से अवैध खनन के आरोप:ग्रामीण बोले- एक महीने से सेंड स्टोन का अवैध खनन हो रहा; खनिज विभाग ने किया निरीक्षण


बिजौलिया के खड़ीपुर खनन क्षेत्र में अवैध सेंड स्टोन खनन का मामला सामने आया है। मांगीलाल जी का झोपड़ा गांव के लोगों ने अवैध खनन को लेकर शिकायत की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चारागाह भूमि में अवैध खनन किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक महीने से इस चारागाह भूमि से अवैध रूप से सेंड स्टोन निकाला जा रहा है। खनिज विभाग के फोरमैन गिरिराज मीणा ने बताया कि इस क्षेत्र के नजदीक सेंड स्टोन खनन की एक वैध लीज है, जिसका सीमांकन पहले ही किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि चारागाह में अवैध खनन की जानकारी उनके पास नहीं थी।

फोरमैन ने बताया कि पूर्व में लीजधारकों के बीच सीमांकन को लेकर कुछ विवाद हुआ था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद खनिज विभाग ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। विभाग ने आश्वासन दिया है कि अवैध खनन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/bhilwara/bijoliya/news/allegations-of-illegal-mining-from-pasture-land-in-bijolia-134424527.html