गोटन के हरसोलाव चौराहे पर शनिवार को ग्राम पंचायत और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। लंबे समय से सड़क और नाले के बीच सब्जी विक्रेताओं के अस्थायी ठेले लगे होने के कारण यातायात में बाधा आ रही थी और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था।
यह कार्रवाई ग्रामीणों की ओर से गोटन उप तहसील के नायब तहसीलदार के मार्फत अतिक्रमण हटाने के संबंध में ज्ञापन सौंपे जाने के बाद की गई। ज्ञापन में चौराहे पर बढ़ते अतिक्रमण से हो रही समस्याओं का उल्लेख किया गया था। स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे लगे सभी ठेले हटवाए। ठेले वालों को भविष्य में सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
गोटन ग्राम पंचायत के प्रशासक भंवरलाल जमेरिया ने बताया कि चौराहे की सफाई और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इस कार्रवाई से राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/nagaur/gotan/news/encroachment-removed-from-harsolav-intersection-in-gotan-136145411.html
No comments:
Post a Comment