गोचर भूमि को मास्टर प्लान में शामिल करने के विरोध में गोचर संरक्षण समिति 'भिक्षा अभियान' और धार्मिक आयोजनों के साथ आंदोलन तेज करेगी.
बीकानेर: बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) द्वारा जिले के 188 गांवों की गोचर भूमि को मास्टर प्लान 2043 में दूसरे प्रयोजनों के लिए शामिल करने के विरोध में चल रहा आंदोलन सोमवार से और तेज होगा. प्रशासन की ओर से सुनवाई न होने से नाराज गोचर संरक्षण समिति ने आंदोलन को व्यापक बनाने का फैसला किया है. तुलसी कुटीर में हुई बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई कि 50 हजार से अधिक आपत्तियां देने के बाद भी जिला प्रशासन और बीकानेर विकास प्राधिकरण ने कोई सुनवाई नहीं की है.
गोचर संरक्षण समिति के संयोजक शिव गहलोत ने बताया कि सोमवार से पूरे बीकानेर में 'भिक्षा अभियान' शुरू किया जाएगा. इस अभियान की शुरुआत शहर के लक्ष्मीनाथ मंदिर से होगी, जिसके तहत हर घर, मोहल्ले और गांव में जाकर लोगों से गोचर संरक्षण के लिए भिक्षा के रूप में सहयोग मांगा जाएगा. गहलोत ने कहा कि प्रशासन इसे केवल बीकानेर का आंदोलन समझने की भूल कर रहा है, जबकि अब यह देश का आंदोलन बनेगा. उन्होंने बताया कि जल्द ही देश भर के प्रमुख संतों और महामंडलेश्वरों के साथ बीकानेर कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
गोचर को लेकर जन आंदोलन: गहलोत ने कहा कि कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने गोचर की भूमि पर आपत्ति दर्ज कराई है, और समिति चाहती है कि जिले के अन्य सभी जनप्रतिनिधि भी इस मुद्दे पर उनका समर्थन करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि जन-आंदोलन है, जिसके आगे प्रशासन को झुकना ही होगा. आंदोलन को धार्मिक चेतना से जोड़ने के लिए सोमवार से सामूहिक सुंदरकांड और सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन भी शुरू होगा, जिसमें प्रशासन और बीडीए के अधिकारियों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की जाएगी.
अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग: शिव गहलोत ने बताया कि गोचर की भूमि पट्टेशुदा भूमि है, जिसे दानदाताओं ने खरीदकर गौ माता के लिए सुरक्षित किया था. ऐसे में जिन अधिकारियों ने इस भूमि को मास्टर प्लान में दूसरे उपयोग के लिए शामिल किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बीकानेर से हटाने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि गाय हमारा जीवन का आधार है और यह हमारी संस्कृति से जुड़ा हुआ मुद्दा है. एक सप्ताह पहले बीकानेर जिला कलेक्टर पर हजारों गौ-प्रेमियों ने विरोध प्रदर्शन कर सरकार को संकेत दिया था, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया. इसलिए हमने आंदोलन को और आगे ले जाने का निर्णय लिया है.
मूल ऑनलाइन लेख - https://www.etvbharat.com/hi/!state/gochar-sanrakshan-samiti-launch-a-begging-campaign-in-support-of-gochar-bhumi-campaign-in-bikaner-rajasthan-news-rjs25092705178
No comments:
Post a Comment