पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने चारागाह भूमि पर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी, न मानने पर सख्त कार्रवाई और किराया वसूली की बात कही.
भीलवाड़ा के एक कार्यक्रम में मौजूद मंत्री दिलावर व अन्य अतिथि. (ETV Bharat Bhilwara)
भीलवाड़ा: प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर शनिवार को जिले के प्रवास पर रहे. उन्होंने हमीरगढ़ ग्रोथ सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की. उन्होंने गोचर भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि चारागाह व गोचर भूमि से अतिक्रमण जल्द हटाएं, नहीं तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी.
मंत्री मदन दिलावर ने हमीरगढ़ कस्बे के निकट आरसीएम वर्ल्ड ग्रोथ सेंटर में 'रसायन मुक्त खेती- समृद्ध गांव- विकास का आधार' विषय पर आयोजित संगोष्ठी में भाग लिया. इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने चारागाह भूमि पर हो रहे अतिक्रमण पर गंभीर चिंता जताई. उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयं ही गोचर व चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटा लें, नहीं तो सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के दौरान अतिक्रमणकारियों से किराया भी वसूल किया जाएगा. सरकार ने इस किराया वसूली के लिए धरातल पर एक कार्ययोजना बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. मंत्री ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में 2 अक्टूबर को पूरे प्रदेश की सभी पंचायतों में एक साथ ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा. इन ग्रामसभाओं में चारागाह व गोचर भूमि को अतिक्रमण-मुक्त कराने के लिए प्रस्ताव पारित किए जाएंगे.
रसायन मुक्त खेती पर जोरः दिलावर ने कार्यक्रम के दौरान देश व प्रदेश में अधिक से अधिक रसायन मुक्त खेती करने पर जोर दिया. इस कार्यशाला में प्रदेशभर से लगभग 600 किसान, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रगतिशील किसान भी मौजूद रहे.
मूल ऑनलाइन लेख - https://www.etvbharat.com/hi/!state/panchayati-raj-minister-madan-dilawar-warned-to-remove-encroachment-on-pasture-land-rajasthan-news-rjs25083004092
No comments:
Post a Comment