Thursday, 28 August 2025

सवाल: चारागाह की जमीन पर आखिर किस फसल की कटाई दिखाई

 भास्कर न्यूज | खैरागढ़

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपए का क्लेम उठाने का मामला सामने आया है। गंडई तहसील के ग्राम धोधा व कालेगोंदी के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुछ प्रभावशालियों ने मिलकर किसानों की जमीन को कूट रचना से अपने नाम बताकर बीमा कराया और फर्जी क्लेम की राशि सीधे अपने बैंक खातों में अंतरित कराई। मामले को लेकर ग्राम धोधा के सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को खैरागढ़ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और एक ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों का कहना है कि दस्तावेज लेखक अनिष सिंह गौतम, उनकी पत्नी भूमिका ठाकुर सहित खुमान लोधी, देवेंद्र लोधी और कुमार साहू ने मिलकर किसानों की जमीन, यहां तक कि ग्राम के चारागाह (मवेशी चरनोत्तर भूमि) को भी अपनी बताकर बीमा कराया। इस दौरान बीमा कंपनी और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी क्लेम की राशि लाखों में उनके खातों में पहुंच गई। ग्रामीणों ने बताया कि अनिष गौतम के नाम पर 90,685 रुपए, उनकी पत्नी भूमिका ठाकुर के खाते में 37 हजार से अधिक, सहयोगी खुमान लोधी, देवेंद्र लोधी और कुमार साहू के खातों में भी लाखों रुपए बीमा क्लेम के रूप में अंतरित हुए।

चारागाह भूमि को भी बीमा आवेदन में शामिल कर 90 हजार का क्लेम उठाया ग्रामीणों ने ज्ञापन में विस्तृत विवरण देते हुए बताया कि भूमि स्वामी संतोष सिंह राजपूत और उनके पुत्र दीपक राजपूत की जमीन, राधाबाई बेवा तुकाराम सिंह की जमीन, परमानंद पिता लक्ष्मण, मांगीलाल पिता बंशीराम और लालेन्द्र सिंह राजपूत सहित कई किसानों की जमीनों का फर्जी तरीके से बीमा कराकर क्लेम लिया गया। इतना ही नहीं, ग्राम की सामुदायिक चारागाह भूमि को भी बीमा आवेदन में शामिल कर लगभग 90 हजार रुपए से अधिक की राशि का क्लेम उठाया गया।

सौंपा ज्ञापन, दोषियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई ग्रामीणों ने ज्ञापन में साफ लिखा है कि यह सुनियोजित धोखाधड़ी, कूटरचना और शासन की योजना को लूटने का मामला है। ऐसे में दोषियों के खिलाफ कठोर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन देने के दौरान लक्ष्मण राय, दिलीप, प्रकाश, मनहरण, सुशील वर्मा, चंद्रिका, सरुप, शिवलाल, दयाराम वर्मा, रामरतन साहू, संतोषी और लालाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने ज्ञापन की प्रति स्थानीय प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को भी उपलब्ध कराई।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/chhattisgarh/rajnandgaon/khairagarh/news/question-which-crop-was-harvested-on-the-pasture-land-135776449.html


No comments:

Post a Comment