Saturday, 23 August 2025

जनसुनवाई में आम रास्तों, चरागाह भूमि, जमीन व नालों पर अतिक्रमण सहित कई शिकायतें आई

 

  • जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं संपर्क समाधान शिविर, कलेक्टर ने जन समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान किया

भास्कर संवाददाता|दौसा

कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने गुरुवार को यहां डीओआईटी केंद्र में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में आमजन के अभाव-अभियोग सुने और परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर राहत दी। उन्होंने अधिकारियों को शेष रहे परिवादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिलेभर से लोग अपनी समस्याओं का समाधान कराने पहुंचे।

कलेक्टर ने प्रत्येक परिवादी की समस्या को व्यक्तिगत सुना, समझा और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समाधान कराया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों, आम रास्तों, चरागाह भूमि, खातेदारी एवं आबादी जमीन तथा नाले पर अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं की सबसे अधिक परिवेदनाएं आईं। इस पर कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े एसडीएम को प्रकरणों की वास्तविक जानकारी लेकर जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान पानी निकासी, मृत्यु प्रमाण पत्रा जारी कराने, बिजली कनेक्शन दिलाने, राशन कार्ड चालू कराने, स्कूल एवं छात्रावास के लिए भूमि आवंटित कराने, शौचालय बनवाने, नामान्तकरण खुलाने, खाद्य सुरक्षा सूची में नाम जुड़वाने एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का फायदा दिलाने जैसे परिवाद प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने इन प्रकरणों के संबंध में विभागीय अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली और त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि जो गांव नगरीय निकाय क्षेत्र में शामिल हो गए हैं, वहां आमजन को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज बनवाने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। यह कार्य नगरीय निकाय को करने हैं। पंचायत राज उन गांवों का रिकॉर्ड शीघ्र नगरीय निकायों को उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं होना पड़े। उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि परिवादी को वास्तव में राहत मिले। इस अवसर पर एडीएम दौसा रामस्वरूप चौहान, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, एएसपी गुरुशरण राव, एसडीएम दौसा मूलचंद लूणिया, एसडीएम सैंथल अमृता खंडेलवाल, जिला परिषद के एसीईओ राजेश कुमार मीणा सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे एवं उपखंड स्तर से ब्लॉक अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/dausa/news/many-complaints-came-in-the-public-hearing-including-encroachment-on-public-roads-grazing-land-land-and-drains-135730069.html

No comments:

Post a Comment