Saturday, 28 June 2025

परबती गांव में चारागाह और खेल मैदान पर कब्जा:ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, अतिक्रमण हटाने की मांग

 

बड़ीसादड़ी तहसील के परबती गांव में चारागाह भूमि और स्कूल के खेल मैदान पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने तहसीलदार पंकज कुमार को ज्ञापन सौंपकर इस मुद्दे को उठाया है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास स्थित चारागाह भूमि पर हरीसिंह जी का खेड़ा और नया घर परबती के कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इन लोगों ने वहां भवन निर्माण के साथ बाड़े और टीन शेड बना लिए हैं।

अतिक्रमणकारी पशुओं को चरने से रोकते हैं। वे पशुओं पर पत्थर फेंकते हैं और लाठियों से पीटकर भगा देते हैं। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करते हैं। वे धमकी देते हैं कि ये जमीन उनकी है, कोई सरकारी या चारागाह भूमि नहीं है।

इस कब्जे के कारण गांव के पशुओं के लिए चरने की जगह नहीं बची है। सरकार द्वारा चारागाह के लिए आवंटित भूमि और स्कूल का खेल मैदान भी अतिक्रमण की चपेट में है।

ग्रामीणों ने तहसीलदार से चारागाह भूमि और खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। ज्ञापन पर भंवर सिंह, उदय सिंह, गणेश लाल मेघवाल, भोपाल सिंह चुंडावत, उदय सिंह चुंडावत, नारायण सिंह चुंडावत, मनोहर सिंह चुंडावत, विक्रम सिंह, कालू सिंह, भंवरलाल मेघवाल, बद्रीलाल मेघवाल, झाला धनराज रावत, रामलाल रावत, उदय लाल मेघवाल, प्रभु लाल मेघवाल, भवानी सिंह, रामनारायण डांगी समेत कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं।

मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/chittorgarh/bari-sadri/news/occupation-of-pasture-and-playground-in-parbati-village-135323003.html

No comments:

Post a Comment