- अजमेर डेयरी अध्यक्ष ने जांच के आदेश नहीं देने पर किसान आंदोलन की चेतावनी दी
भास्कर न्यूज |अजमेर
अजमेर डेयरी अध्यक्ष व कांग्रेस नेता रामचंद्र चौधरी ने भाजपा की डबल इंजन सरकार और जिले के सांसद से जिले में नकली घी, घटिया खाद, जहरीले बीज और चारागाहों पर कब्जे की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि सीबीआई जांच के आदेश नही दिए गए तो प्रदेश में किसान आंदोलन होगा। चौधरी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने विकास की जगह भ्रष्टाचार और लापरवाही की गति को तेज किया है। एक इंजन दिल्ली में ठहर गया है और दूसरा जयपुर में उलझ गया है, जनता बीच में पिस रही है।
बाजार में बिक रहा अधिकांश घी न शुद्ध है न सुरक्षित। वनस्पति तेल, सिंथेटिक एसेंस और हानिकारक कैमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा है जो न केवल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि उन पशुपालकों की मेहनत का भी अपमान है जो दिन-रात मेहनत कर दूध उपलब्ध कराते हैं। चौधरी ने कहा कि किसानों को घटिया और नकली खाद व बीज देकर उनकी उम्मीदों और भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। कई कंपनियां जैविक खाद के लाइसेंस लेकर नकली उर्वरकों और बीजों का व्यापार कर रही हैं। गेहूं, बाजरा,ज्वार, मक्का, चावल और कपास जैसे बीज तैयार करते समय उनमें चमक लाने के लिए केमिकल मिलाया जाता है लेकिन नतीजा सिर्फ नुकसान होता है। खराब बीजों के कारण फसलों की उत्पादकता घट रही है और मिट्टी की उर्वरता भी समाप्त हो रही है। चौधरी ने कहा कि कई इलाकों की ज़मीन अब बंजर हो चली है जिले के कई चारागाहों की जमीनों को भू-माफिया तारबंदी और निर्माण कर पशुपालकों को उनके पारंपरिक चारे के अधिकार से वंचित कर रहे हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और कृषि क्षेत्र पूरी तरह उपेक्षित हो गया है।
उन्होंने अजमेर के सांसद महोदय से आग्रह किया कि वे क्षेत्र के किसानों, पशुपालकों और आमजन की जमीनी सच्चाइयों पर ध्यान दें। उन्हें खुद आगे आकर इन सभी मुद्दों की CBI जांच की सिफारिश करनी चाहिए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। यदि समय रहते सरकार ने CBI जांच के आदेश नहीं दिए तो प्रदेश में किसान आंदोलन किया जाएगा।
मूल ऑनलाइन लेख - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/ajmer/news/get-cbi-investigation-done-on-land-mafias-occupation-of-pastures-and-fake-ghee-fertilizers-seeds-chaudhary-135182892.html

No comments:
Post a Comment