Thursday, 22 May 2025

चरागाह भूमि ग्रामहित में सुरक्षित रखने की मांग को लेकर ज्ञापन

राजसमंद | जिला मुख्यालय के समीपवर्ती भाणा ग्राम पंचायत मुख्यालय के ग्रामीणों ने कलेक्टर एवं विधायक को ज्ञापन देकर हाल ही राजकीय आवासीय विद्यालय के लिए 20 बीघा चारागाह भूमि आवंटन का प्रस्ताव निरस्त कर ग्रामहित में चारागाह भूमि सुरक्षित रखने की मांग की है। उप सरपंच एवं भाजपा नेता रामलाल लोहार, कैलाश सिटी, बूथ अध्यक्ष रमेश पालीवाल, मनोहर लाल, देवकिशन, मुकेश, मोहनलाल, अर्जुन लाल, शक्ति केन्द्र संयोजक श्यामलाल कुमावत सहित ग्रामवासी बुधवार को यहां कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने जिला कलेक्टर बालमुकुन्द असावा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया कि पूर्व में भाणा पंचायत मुख्यालय पर 80 बीघा भूमि खेल स्टेडियम के लिए आवंटित की गई थी वहीं राजकीय माध्यमिक विद्यालय के लिए 20 बीघा भूमि वहीं अन्य योजना में भी इसी भूमि में से आवंटन किया गया है। इस प्रकार गांव की इतनी भूमि पहले ही आवंटित की जा चुकी है तथा हाल ही में निष्क्रमणीय पशुुपालकों के बच्चों के लिए आवासीय विद्यरलय के लिए भाणा में 20 बीघा भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह गांव की चारागाह भूमि दे दिए जाने से काफी कम भूमि बची है जिससे स्थानीय पशुओं को चराने को लेकर समस्या बढ़ती जा रही है।

बताया गया कि गांव की 80 प्रतिशत कृषि भूमि रूण राजसमन्द अर्थात राजसमन्द झील के पेटा क्षेत्र में है तथा झील भरी रहने के कारण उसमें न खेती हो पाती है एवं न ही पशुओं के लिए चारा मिल पाता है। ऐसे में सरकारी चरनोट भूमि ही पशुओं को चराने का मुख्य सहारा है लेकिन लगातार विभिन्न सरकारी कार्यो के लिए चारागाह भूमि देते जाने से विकट समस्या उत्पन्न हो गई है जिससे ग्रामीणों में चिंता एवं आक्रोश व्याप्त हो रहा है। ज्ञापन में ग्रामवासियों ने प्रशासन से भूमि आवंटन का उक्त प्रस्ताव तत्काल निरस्त कर भूमि ग्रामहित में पूर्ववत कायम रखने की मांग की है। ग्रामवासियो ंने विधायक दीप्ति माहेश्वरी से भी मिलकर समस्या से अवगत कराया वहीं पंचायत समिति प्रधान अरविन्द सिंह राठौड़ को भी ज्ञापन देकर जानकारी दी।

मूल ऑनलाइन लेख -https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/rajsamand/news/memorandum-demanding-to-keep-pasture-land-safe-in-village-interest-135075267.html

No comments:

Post a Comment