कापरेन। रोटेदा ग्राम पंचायत के झरन्या की झोपडिया के ग्रामीणों ने गुरुवार को थाने पर प्रदर्शन किया। कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर सिवायचक और चारागाह भूमि पर हो रही अवैध पेड़ कटाई रोकने की मांग रखी गई। गुरुवार सुबह ग्रामीण थाने के सामने एकत्र हुए। थानाधिकारी सुरजीतसिंह को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि देवली और ढीकोली में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई कर कुट्टी बनाकर बेचने का धंधा कई दिनों से चल रहा है। अब यह माफिया झरन्या की झोपडिया की ओर बढ़ रहे हैं। जब इन्हें रोकने की कोशिश की गई तो मारपीट पर उतारू हो गए। ग्रामीणों ने कहा कि इस वन और चारागाह भूमि पर देवली, ढीकोली और झरन्या की झोपडिया के मवेशी और वन्यजीव चरते हैं। अवैध कटाई के कारण मवेशियों के लिए चारे की समस्या हो गई है। वन्यजीव आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अवैध कटाई नहीं रोकी गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीण बद्रीलाल गुर्जर और देवप्रकाश गुर्जर ने बताया कि इसी सप्ताह रायथल थाना क्षेत्र में वन विभाग के कर्मियों और अधिकारियों पर माफियाओं ने हमला किया। इसके बावजूद प्रशासन और वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। इससे बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है। पहले भी इस क्षेत्र में अवैध खनन और पेड़ कटाई माफियाओं के हमले में वन कर्मियों की मौत हो चुकी है।
मूल ऑनलाइन लेख: - https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/bundi/kapren/news/demonstration-at-the-police-station-to-stop-illegal-felling-of-grazing-land-134597290.html
No comments:
Post a Comment